Monday, 6 November 2017

मुश्किल समय में साथ छोड़ गए थे जिसके पिता, आज वो बेटा बन गया है एक कंपनी का मालिक

मुश्किल समय में साथ छोड़ गए थे जिसके पिता, आज वो बेटा बन गया है एक कंपनी का मालिक
"लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।" 
साल 2014, जून का महीना था। उसका प्लेसमेंट भी 'क्विकर' जैसी बड़ी कंपनी में हुआ। सैलरी थी पूरे 1 लाख रुपये महीना। इस खुशखबरी को सुनाने जब वो गांव में अपने दादा के पास पंहुचा तो दादा को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। आखिर उसने अपनी बैंक की पासबुक दिखाकर अपने दादा को यकीन दिलाया कि उसे इतने वेतन पर नौकरी मिली है। कुछ ऐसी ही कहानी है बिहार के औरंगाबाद जिले के एक छोटे से गांव चेनेव में रहने वाले अनूप राज की। 
खपड़ैल के मकान (कच्चा मकान) में रहने वाले अनूप का गांव से निकलकर अपनी पढ़ाई को जारी रखना, स्टार्टअप के लिए संघर्ष करना, ऐसी कुछ बातें किसी के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं। अब आप क्या सोचने लगे जनाब? यह स्टोरी पढ़कर थोड़ी प्रेरणा आप भी ले लीजिए।

22 लोगों का सयुंक्त परिवार 

22 लोगों का सयुंक्त परिवार 
"जितना कठिन संघर्ष होगा, जीत उतनी ही शानदार होगी"
अनूप 22 लोगों के संयुक्त परिवार में रहते थे। जिसमें वे दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिताजी इतिहास में स्नातक यानी गांव के पढ़े-लिखे व्यक्तियों में से एक थे। लेकिन उनकी ये डिग्री कुछ काम ना आई। आखिरकार उनके पिताजी को खेत में काम करना पड़ा।

आगे बढ़ने की जिद

आगे बढ़ने की जिद
"इंसान को तब तक कोई नहीं हरा सकता, जब तक वो खुद से ना हार जाए"अनूप के पिताजी की बहुत इच्छा थी कि उनके बच्चे भी बहुत आगे तक की पढ़ाई करें। गांव के स्कूल में ना होने की वजह से उन्होंने अनूप का दाखिला दूसरे गांव के स्कूल में करवा दिया। लेकिन मुसीबत तो अभी आई ही थी, अनूप को स्कूल में दाखिला तो मिल गया, मगर उनके पास पढ़ाई का खर्च वहन करने की क्षमता नहीं थी। तो अनूप ने अपने पिताजी का हाथ बंटाना शुरू किया।  

महज सात साल की उम्र से काम 

महज सात साल की उम्र से काम 
"कुछ करने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति के लिए इस संसार में कुछ भी असंभव नहीं है"अनूप अभी महज सातवीं कक्षा में ही थे। लेकिन पिताजी के कंधों का आर्थिक बोझ कम करने के लिए उन्होंने ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया। इससे उनकी 1,000 प्रतिमाह की इनकम शुरू हो गई। कुछ साल तक तो इस तरह सबकुछ ठीक चला, लेकिन असली मुसीबत बाद में आई। 

गुमनाम हुए पिताजी 

गुमनाम हुए पिताजी 
"सोच से सफलताओं तक का सफर हौंसलों से होकर गुजरता है"अनूप के पिताजी एक दिन अचानक बिना किसी को सूचना दिए कहीं चले गए। लाख कोशिशों के बावजूद उनका कोई पता ना चल सका। इस घटना ने ना केवल अनूप बल्कि उनकी माँ और पूरे परिवार को जैसे तोड़कर रख दिया। पिताजी के गायब होते ही सारे रिश्तेदारों ने अपने हाथ खींच लिए। कोई भी अनूप और उनकी माँ की मदद के लिए आगे नहीं आया। आखिर अनूप ने ये फैसला किया कि ये वक्त बिखरने का नहीं बल्कि और भी ज्यादा मजबूती से खड़े रहने का है।

 'आनंद सुपर 30' का सहारा

 'आनंद सुपर 30' का सहारा
"जिंदगी की तपिश कितनी भी हो, कभी निराश मत होना
 क्योंकि धूप कितनी भी तेज हो, समंदर सूखा नहीं करते।"

पिताजी को खोने के गम के बावजूद अनूप अपनी पढ़ाई में जुटे रहे। दूसरों को ट्यूशन पढ़ाकर जीविका बनाने वाले अनूप ने आखिरकार कॉलेज में दाखिला ले ही लिया और इंजीनियर बनने की ठानी। 2009 में आईआईटी की परीक्षा देने पर वे असफल भी हुए। लेकिन असफलता को उन्होंने अपनी कमजोरी नहीं ताकत बनाया। इसी दौरान वो 'आनंद सुपर 30' के आनंद कुमार से मिलने जा पहुंचे। अच्छी बात यह रही कि उन्हें वहां जगह भी मिल गई।

कड़ी मेहनत का असर 

कड़ी मेहनत का असर 
"बड़ा सोचो, जल्दी सोचो, आगे सोचो"
2010 में कड़ी मेहनत से जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम पास करने के बाद अनूप को आईआईटी मुंबई में सिविल इंजीनियरिंग में दाखिला मिला। बिहार के छोटे से गांव से आए शहरी लोगों के बीच अनूप को बड़ी झिझक होती थी। लेकिन उन्होंने अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगाया और तीसरे सेमेस्टर तक स्टार्टअप के लिए वेबसाइट और प्रोजेक्ट बनाकर 60 हजार रुपये प्रतिमाह तक कमाने लगे।    

'क्विकर' में नौकरी 

'क्विकर' में नौकरी 
"प्रत्येक असफलता के पीछे सफलता आपकी राह देख रही है"
पढ़ाई के दौरान ही इंटर्नशिप के लिए अनूप को दुबई जाने का मौका मिला। इसका फायदा उन्हें तब हुआ जब उनके दुबई में काम के अनुभव के आधार पर 'क्विकर' ने उन्हें 1 लाख रुपये प्रतिमाह की नौकरी का ऑफर दिया। एक साल तक 'क्विकर' में काम करने के बाद अनूप ने 2015 में खुद का हेल्थ केयर स्टार्टअप pstakecare.com शुरू किया। इसका सपना वो मुंबई में रहकर देखा करते थे।  

बीमारों की मदद 

बीमारों की मदद 
"पहचान से मिला काम थोड़े समय के लिए रहता है लेकिन काम से मिली पहचान उम्रभर के लिए रहती है"
अनूप की कंपनी pstakcare.com मरीजों के लिए जरूरत की चीजों के अलावा उनके बजट के मुताबिक डॉक्टर, हॉस्पिटल मुहैया करवाने, सर्जरी के बाद देखभाल करने के लिए नर्स, फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था, मरीजों को हॉस्पिटल से घर आने-जाने के लिए साधन उपलब्ध करवाने की सुविधा भी देती है।

कई राज्यों में हुआ विस्तार 

कई राज्यों में हुआ विस्तार 
"उड़ने में बुराई नहीं है, आप भी उड़े, लेकिन उतना ही उड़े जहां से जमीन साफ दिखाई देती हो"
2015 में शुरू हुए इस स्टार्टअप को अब 2 साल हो गए हैं और इन दो सालों में ही अनूप की कंपनी pstakecare.com देश के विभिन्न राज्यों में फैल चुकी है। साथ ही विदेश में भी मेडिकल टूरिज्म के तौर पर काम कर रही है। लेकिन इन सब के बावजूद अनूप आज भी अपनी जड़ों को नहीं भूले हैं। उन्हें अपने संघर्ष के दिन भी याद हैं। वे आज अपने द्वारा किए जा रहे इस काम से भी बहुत संतुष्ट हैं।

7classes.com की शुरुआत   

7classes.com की शुरुआत   
"मुश्किलें केवल बेहतरीन लोगों के हिस्से में आती है क्योंकि वो लोग ही उसे बेहतरीन तरीके से अंजाम देने की ताकत रखते हैं"
आज अनूप अपनी जिंदगी के एक अच्छे मुकाम पर पहुंच गए हैं। उन्हें आईआईटी, आईआईएम और भी ऐसे कई संस्थानों में मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर बुलाया जाता है। अनूप का एक ही लक्ष्य है, आगे बढ़ते रहना। इसके लिए हाल ही में उन्होंने 7classes.com नामक क्लासरूम शुरू किया है। इसकी एक बैच में वे 7 बच्चों को पढ़ाते हैं। बच्चों को पढ़ाने से अनूप का उद्देश्य मैथेमेटिक्स और ओलम्पियाड के क्षेत्र में बच्चों की आगे बढ़ने में मदद करना है। 
आखिर में अनूप और उनकी मेहनत के लिए हम केवल इतना ही कहना चाहेंगे कि, 
"मुश्किलों से भाग जाना आसान होता है, 
हर पहलू जिंदगी का इम्तेहान होता है 
डरने वालों को कुछ मिलता नहीं जिंदगी में 
लड़ने वालों के कदमों में जहान होता है।" 
    

No comments:

Post a Comment